March 3, 2026 - 5:17 am

Rudrapur: ऑनलाइन ट्रेडिंग ठगी का खुलासा: गदरपुर का शातिर आरोपी गिरफ्तार, करोड़ों के लेनदेन की जांच

Must Read

रुद्रपुर। ऑनलाइन ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से चेकबुक समेत कई बैंकिंग दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद हुए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उसने अब तक कितने लोगों से कितनी रकम ठगी है।

एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह के अनुसार, दिसंबर 2025 में ऊधमसिंह नगर निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित को अक्तूबर से दिसंबर के बीच व्हाट्सएप पर ट्रेडिंग से जुड़े संदेश भेजे गए। संदेश भेजने वाले ने खुद को ‘हांटेक मार्केट’ नाम की ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी का कर्मचारी बताकर शेयर ट्रेडिंग में प्रशिक्षण और निवेश पर भारी लाभ का भरोसा दिलाया।

आरोपी ने अलग-अलग व्हाट्सएप ग्रुपों में शामिल कर फर्जी मुनाफे के स्क्रीनशॉट दिखाए और निवेश के लिए कई बैंक खातों में रकम जमा कराई। पीड़ित से करीब 24.70 लाख रुपये ठगी कर लिए गए।

डेटा विश्लेषण से आरोपी की पहचान

मामले की जांच साइबर थाना निरीक्षक धीरेंद्र पंत को सौंपी गई। पुलिस ने बैंकों, सर्विस प्रदाता कंपनियों, गूगल और मेटा से डेटा जुटाया। जांच में पता चला कि रकम विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कराई गई।

मोबाइल नंबर और बैंक खातों के सत्यापन से आरोपी की पहचान मलकीत सिंह (36), निवासी वमनपुरी बकैनिया थाना गदरपुर के रूप में हुई। रविवार को पुलिस ने उसके घर पर दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया।

ये सामान हुआ बरामद

पुलिस ने आरोपी से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन, सिम कार्ड, ठगी की रकम से खरीदा गया फोन, डेबिट कार्ड, आधार व पैन कार्ड, विभिन्न बैंकों की पासबुक और चेकबुक, एसबीआई के चेक तथा नकदी बरामद की।

ऐसे रचता था ठगी का जाल

आरोपी व्हाट्सएप के माध्यम से लोगों को निवेश का लालच देता था। ग्रुप में पहले से शामिल लोग फर्जी लाभ के स्क्रीनशॉट साझा करते थे, जिससे नए निवेशकों का भरोसा बढ़ता था।
फर्जी एप के डैशबोर्ड पर निवेश की रकम भारी मुनाफे के साथ दिखाई जाती थी। जब लोग अधिक निवेश करते, तो रकम विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर दी जाती, जिससे आरोपी पुलिस की पकड़ से बचता रहा।

पांच महीने में करोड़ों का लेनदेन

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जिन बैंक खातों का उपयोग किया गया, उनमें चार-पांच महीने में ही करोड़ों रुपये का लेनदेन हुआ। इन खातों से जुड़े मामलों में देश के कई राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस अन्य राज्यों से भी संपर्क कर रही है।

एसएसपी की अपील

एसएसपी अजय सिंह ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान निवेश ऑफर या सोशल मीडिया संदेश पर भरोसा न करें। यूट्यूब, टेलीग्राम या अन्य माध्यमों से मिलने वाले फर्जी निवेश प्रस्तावों से सावधान रहें। ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
Latest News

Rudrapur: तराई होली की रंगत में सराबोर, महिलाओं की बैठकी होली से गूंजे मोहल्ले

तराई क्षेत्र में होली की रंगत अब पूरी तरह चढ़ने लगी है। नगर के विभिन्न मोहल्लों में महिलाओं की...
- Advertisement -spot_img

More Articles Like This

- Advertisement -spot_img