देहरादून: प्रदेश में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार इस सप्ताह उत्तराखंड में सामान्य तापमान में बढ़ोतरी के आसार हैं। छह मार्च तक प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है, जबकि सात मार्च को पर्वतीय इलाकों में मौसम बिगड़ने की संभावना जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मौसम शुष्क रहने के कारण सामान्य तापमान में छह से सात डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। दिन भर चटक धूप खिलने से मैदान से लेकर पहाड़ तक तापमान में लगातार इजाफा देखा जा रहा है।
आंकड़ों पर नजर डालें तो बीते रविवार को देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री अधिक बढ़कर 29.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह मार्च की शुरुआत में पिछले दस वर्षों का सबसे अधिक तापमान माना जा रहा है। बीते दस साल में मार्च के महीने में इतना तापमान केवल वर्ष 2021 में 26 मार्च को दर्ज किया गया था, जब दून का अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जो अब तक का ऑलटाइम रिकॉर्ड है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि तापमान में इस तरह की बढ़ोतरी के पीछे जलवायु परिवर्तन और मौसम के बदलते पैटर्न को प्रमुख कारण माना जा रहा है। वहीं जनवरी और फरवरी में अपेक्षाकृत कम बारिश होने से भी तापमान में तेजी से बढ़ोतरी देखी जा रही है।
मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि मार्च की शुरुआत में ही बढ़ती गर्मी के संकेत इस बात की ओर इशारा कर रहे हैं कि इस वर्ष मार्च का महीना गर्मी के नए रिकॉर्ड बना सकता है।


