टिहरी से लौट रहे उत्तराखंड के राज्यपाल राज्यपाल गुरमीत (सेनि) के हेलीकॉप्टर में अचानक तकनीकी खराबी आ जाने से हड़कंप मच गया। स्थिति को देखते हुए पायलट ने सूझबूझ का परिचय देते हुए हेलीकॉप्टर को इमरजेंसी के तौर पर श्रीनगर स्थित जीवीके हेलीपैड पर सुरक्षित उतार दिया। समय रहते हेलीकॉप्टर उतार लिए जाने से किसी तरह की अनहोनी टल गई।
जानकारी के अनुसार राज्यपाल टिहरी से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान हेलीकॉप्टर में तकनीकी समस्या सामने आई। पायलट ने तुरंत स्थिति का आकलन करते हुए एहतियातन हेलीकॉप्टर को श्रीनगर के जीवीके हेलीपैड पर उतार दिया।
घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए। फिलहाल हेलीकॉप्टर की तकनीकी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की उड़ान को लेकर निर्णय लिया जाएगा।
कोतवाली निरीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि राज्यपाल को सुरक्षा के लिहाज से पुलिस गेस्ट हाउस में ठहराया गया है। हेलीकॉप्टर में आई तकनीकी खराबी ठीक होते ही वह यहां से आगे के लिए रवाना होंगे।
बताया जा रहा है कि फिलहाल राज्यपाल के आगे के कार्यक्रम को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। तकनीकी जांच और हेलीकॉप्टर की स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही अगली यात्रा तय की जाएगी।



