रुद्रपुर। गूगल पर बैंक का कस्टमर केयर नंबर सर्च करना एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया। साइबर ठग ने एपीके फाइल डाउनलोड कराकर पहले मोबाइल हैक किया और फिर खाते से दो लाख रुपये उड़ा लिए। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिंह कॉलोनी गली नंबर चार निवासी कलमिंद्र सिंह ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में तहरीर देकर बताया कि उनका खाता पंजाब नेशनल बैंक की जनता इंटर कॉलेज के पास स्थित शाखा में है। वह अपने मोबाइल पर पीएनबी वन एप का उपयोग करते हैं।
बताया कि 27 और 28 फरवरी को जब उन्होंने अपने मोबाइल पर एप खोलने की कोशिश की तो वह नहीं खुला। इसके बाद एक मार्च को उन्होंने गूगल पर पीएनबी कस्टमर केयर नंबर सर्च किया। वहां से उन्हें एक मोबाइल नंबर मिला।
उक्त नंबर पर कॉल करने पर सामने वाले व्यक्ति ने खुद को बैंक का कस्टमर केयर कर्मचारी बताया। उसने व्हाट्सएप पर एक एपीके फाइल भेजकर उसे डाउनलोड करने को कहा और बैंक से जुड़ी जानकारी भरने को कहा।
कलमिंद्र सिंह के अनुसार जैसे ही उन्होंने एपीके फाइल डाउनलोड कर बैंक डिटेल अपलोड की, उनका मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद उनके खाते से आठ ट्रांजेक्शन के माध्यम से दो लाख रुपये निकाल लिए गए।
ठगी का अहसास होने पर उन्होंने तत्काल टोल फ्री नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।
साइबर थाना प्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि अज्ञात ठग के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कॉल डिटेल और संबंधित बैंक खातों की जानकारी जुटाकर मामले की जांच की जा रही है।



