ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण की भराड़ीसैंण विधानसभा में चल रहे पांच दिवसीय बजट सत्र का मंगलवार को दूसरा दिन है। आज कई अध्यादेश सदन पटल पर रखे जाने की संभावना है। सत्र के दौरान विभिन्न विकास योजनाओं और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हो रही है।
तीर्थ स्थलों को रोपवे से जोड़ने की योजना तेज
प्रदेश में प्रमुख तीर्थ स्थलों को रोपवे से जोड़ने की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। पर्यटन मंत्री ने विधानसभा में बताया कि टिहरी जिले में कद्दूखाल से सुरकंडा देवी मंदिर तक रोपवे का संचालन पीपीपी मोड में शुरू कर दिया गया है।
इसके अलावा चम्पावत जिले में ठुलीगाड़ से पूर्णागिरी तक रोपवे निर्माण कार्य पीपीपी मोड में जारी है। उत्तरकाशी जिले में जानकी चट्टी से यमुनोत्री मंदिर तक रोपवे विकसित किया जा रहा है। वहीं, गौरीकुंड से केदारनाथ धाम और गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब तक रोपवे निर्माण की प्रक्रिया भी गतिमान है।
सात हजार किमी से अधिक सड़कें गड्ढामुक्त
लोक निर्माण विभाग ने नवंबर के पहले सप्ताह तक प्रदेश की सात हजार किलोमीटर से अधिक सड़कों को गड्ढामुक्त कर दिया है। विभाग द्वारा सदन में दी गई जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर वर्ष 2025-26 में मानसून से पहले 3134 किमी सड़कें गड्ढामुक्त की गईं।
मानसून के बाद 10 नवंबर 2025 तक 4149.17 किमी सड़कों को गड्ढामुक्त किया गया। इस दौरान अकेले हरिद्वार जिले में 313 किमी से अधिक सड़कों की मरम्मत की गई।
चार साल में बने 819 पंचायत भवन
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दूसरे कार्यकाल के चार वर्षों में प्रदेश में 819 पंचायत भवनों का निर्माण या पुनर्निर्माण किया गया है। प्रदेश में कुल 5867 पंचायत भवन हैं, जिनमें से 1134 भवन लंबे समय से जर्जर स्थिति में थे।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर पंचायतीराज विभाग ने अभियान चलाकर इन भवनों के पुनर्निर्माण का कार्य शुरू किया। विभागीय मंत्री सतपाल महाराज ने प्रश्नकाल के दौरान सदन को इसकी जानकारी दी।
सड़क की मांग को लेकर महिलाओं का प्रदर्शन
चोरड़ा से भराड़ीसैंण मोटर मार्ग की मांग को लेकर चोरड़ा क्षेत्र की महिलाएं विधानसभा परिसर तक पहुंच गईं। पुलिस ने महिलाओं को हिरासत में लेकर अस्थायी जेल भेज दिया।

दिवाकर भट्ट को श्रद्धांजलि
सत्र के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड क्रांति दल के पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री दिवंगत दिवाकर भट्ट को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मानव-वन्यजीव संघर्ष का मुद्दा उठा
विधायक आशा नौटियाल ने केदारनाथ वन्यजीव क्षेत्र में वन्यजीवों के हमलों को लेकर चिंता जताई। इस पर वन मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि सरकार ने मानव-वन्यजीव संघर्ष के मामलों में तत्काल मुआवजे की व्यवस्था की है।
विधानसभा के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन
सत्र शुरू होते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जंगलचट्टी बैरियर पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने बैरियर पार करने की कोशिश की, जिससे वहां हंगामा हो गया। भारी पुलिसबल की मौजूदगी में कुछ कार्यकर्ता बैरियर तोड़कर आगे निकल गए।
विधायक सुमित हृदयेश धरने पर बैठे
हल्द्वानी के आईएसबीटी और अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खामियों के मुद्दे को लेकर हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश विधानसभा परिसर में धरने पर बैठ गए। उनके साथ अन्य कांग्रेसी नेता भी विभिन्न मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।



