खटीमा। सितारगंज रोड से खटीमा चौराहे की ओर जा रहे एक डंपर ने सोमवार को बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को उप जिला अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार राजीव नगर निवासी शाहिद अपनी पत्नी सोनी के साथ बाइक से जा रहा था। इसी दौरान सितारगंज रोड पर पीछे से आ रहे डंपर ने बाइक को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से सोनी गंभीर रूप से घायल हो गई और उसके दाहिने बाजू में गहरी चोट आई।
घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से महिला को खटीमा के उप जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर डंपर को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।



