बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान के तहत चल रहे निर्माण कार्यों से धाम अब भव्य स्वरूप लेने लगा है। प्रथम चरण के अधिकांश कार्य पूर्ण होने के बाद द्वितीय चरण के कार्यों में तेजी आ गई है। करीब 440 करोड़ रुपये की लागत से संचालित इस परियोजना के माध्यम से धाम को आधुनिक और सुविधायुक्त रूप दिया जा रहा है।
मास्टर प्लान के कार्य अब अंतिम चरण की ओर बढ़ रहे हैं। इसके तहत धाम में यातायात व्यवस्था, पैदल मार्ग, पथ प्रकाश, व्यावसायिक प्रतिष्ठान, नदी तटों पर सुरक्षा कार्य और सीवर जैसी आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। कार्यदायी संस्था पीआईयू (लोनिवि) के अनुसार सभी कार्यों को शीघ्र पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
प्रधानमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल इस योजना को दो चरणों में पूरा किया जा रहा है। प्रथम चरण के अंतर्गत वन-वे लूप रोड, बीआरओ बाईपास रोड, सिविक एमेनिटी सेंटर, शेष नेत्र और बदरीश झील का सौंदर्यीकरण, तथा अराइवल प्लाजा जैसे प्रमुख कार्य पूरे किए जा चुके हैं। वहीं, अस्पताल के विस्तार का कार्य अंतिम चरण में है।
इसके अलावा रिवर फ्रंट विकास, पुल निर्माण और दूरदर्शन स्थल से जुड़े कार्य भी कहीं अंतिम चरण में हैं तो कहीं तेजी से प्रगति पर हैं। मास्टर प्लान के पूर्ण होने के बाद बदरीनाथ धाम श्रद्धालुओं के लिए और अधिक सुविधाजनक व आकर्षक बन जाएगा।



