बाजपुर। चीनी मिल परिसर में अतिक्रमण के दायरे में आ रहे 102 मकानों को 22 मार्च तक खाली करने के निर्देश जारी किए गए हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई से इन आवासों में रहने वाले परिवारों में हड़कंप मच गया है।
बुधवार को मिल महाप्रबंधक एवं एसडीएम डॉ. अमृता शर्मा ने अधिकारियों की टीम के साथ चिह्नित आवासों का निरीक्षण कर लोगों को निर्धारित समय सीमा के भीतर मकान खाली करने की सख्त चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि तय तिथि तक आवास खाली नहीं किए गए, तो 24 मार्च को प्रशासन अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करेगा।
मिल प्रशासन द्वारा गठित समिति ने पहले ही 153 आवासों को अतिक्रमण के दायरे में चिह्नित किया था। संबंधित लोगों को जून 2025 में नोटिस जारी कर 15 दिन का समय दिया गया था, जिसके बाद तीन बार मुनादी भी कराई गई। इसके बावजूद आवास खाली नहीं किए गए।
इसी क्रम में 11 से 13 मार्च के बीच चिह्नित मकानों पर लाल निशान लगाए गए। मिल के सुरक्षा अधिकारी एस.के. शुक्ला ने बताया कि कुल 153 आवास अतिक्रमण की श्रेणी में हैं, जिनमें से 50 जर्जर हालत में पहले से खाली पड़े हैं, जबकि शेष 102 आवासों को खाली कराने की प्रक्रिया जारी है।
उन्होंने यह भी बताया कि कई आवासों में बाहरी लोग रह रहे हैं, जबकि कुछ मकानों पर ताले लगे हुए हैं। प्रशासन अब निर्धारित समय सीमा के भीतर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के लिए तैयार है।



