देहरादून। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर के जिलाधिकारियों को बर्फबारी और हिमस्खलन की आशंका को देखते हुए सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में सभी जिलों को पत्र जारी किया गया है।
पत्र में बताया गया है कि रक्षा भू-सूचना विज्ञान अनुसंधान प्रतिष्ठान ने शुक्रवार शाम पांच बजे से शनिवार शाम पांच बजे तक का पूर्वानुमान जारी किया है। इसके अनुसार राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के साथ हिमस्खलन की संभावना जताई गई है।
पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों को डेंजर लेवल-3 में रखा गया है, जबकि रुद्रप्रयाग और बागेश्वर को डेंजर लेवल-1 श्रेणी में शामिल किया गया है। अधिक बर्फबारी की स्थिति में इन क्षेत्रों में एवलांच का खतरा बढ़ सकता है।
प्रशासन ने स्थानीय लोगों और यात्रियों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और अनावश्यक रूप से ऊंचाई वाले क्षेत्रों की ओर रुख न करें। साथ ही संबंधित विभागों को भी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।



