पछवादून क्षेत्र के धर्मावाला चौक पर रविवार रात नशे में धुत युवकों ने एक युवक के साथ सरेराह मारपीट कर दी। इस दौरान एक आरोपी ने कार से टक्कर मारकर पीड़ित की कार को क्षतिग्रस्त कर दिया और पीछे करते समय एक अन्य युवक को भी टक्कर मार दी। गनीमत रही कि युवक कार के पहिए के नीचे आने से बच गया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें कुछ युवक सड़क पर एक युवक को गिराकर बेरहमी से पीटते नजर आ रहे हैं। वहीं, एक कार सवार पहले सड़क किनारे बने भवन की सीढ़ियों से टकराया और फिर पास खड़ी कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने धर्मावाला निवासी इकराम, शाहपुर निवासी विशाल गोयल, प्रतीतपुर निवासी शाहरुख और अरशद को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी इकराम की कार को भी सीज कर दिया गया है।
कोतवाली प्रभारी शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि शाहपुर कल्याणपुर निवासी रविंद्र सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। पीड़ित के अनुसार सभी आरोपी उसके परिचित हैं और शराब के नशे में बिना वजह विवाद करते हुए गाली-गलौज और मारपीट करने लगे। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी ने कहा कि सड़क पर हुड़दंग और शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



