March 26, 2026 - 3:08 am

गैस बुकिंग नियमों में बड़ा बदलाव: उज्ज्वला को 45 दिन, सामान्य उपभोक्ताओं को 25 दिन का इंतजार

spot_img
Must Read

रसोई गैस सिलिंडर की किल्लत और कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए तेल कंपनियों ने बुकिंग व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। नई व्यवस्था के तहत अब प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों और सामान्य उपभोक्ताओं के लिए रिफिल बुकिंग का अंतराल अलग-अलग निर्धारित कर दिया गया है।

नई गाइडलाइन के अनुसार, उज्ज्वला योजना के तहत 14.2 किलोग्राम सिलिंडर की बुकिंग अब 45 दिन बाद ही हो सकेगी, जबकि सामान्य घरेलू उपभोक्ताओं को इसके लिए 25 दिन का इंतजार करना होगा। वहीं, दो सिलिंडर वाले उपभोक्ताओं को दूसरे सिलिंडर की बुकिंग के लिए कम से कम 35 दिन का अंतराल रखना होगा।

छोटे सिलिंडरों की बात करें तो 5 किलो के ‘छोटू’ सिलिंडर के लिए शहरी क्षेत्रों में 9 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 16 दिन का अंतराल तय किया गया है। 10 किलो कंपोजिट सिलिंडर शहरी क्षेत्रों में 18 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 32 दिन बाद उपलब्ध होगा।

जिला पूर्ति अधिकारी आनंद कुमार ने बताया कि नई व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। तय समय से पहले बुकिंग करने पर सिस्टम स्वतः ही उसे ब्लॉक कर देगा।

व्यावसायिक सिलिंडरों पर भी सख्ती

गैस आपूर्ति को लेकर आगरा में मचे घमासान के बीच जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने तेल कंपनियों और पूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर सख्त निर्देश दिए। नई गाइडलाइन के तहत अब व्यावसायिक उपभोक्ताओं को उनके औसत उपभोग का केवल 10 से 20 प्रतिशत ही सिलिंडर उपलब्ध कराया जाएगा।

अस्पताल, रेलवे और शैक्षणिक संस्थानों जैसी अति आवश्यक सेवाओं को पिछले तीन माह के औसत उपभोग का 20 प्रतिशत कोटा मिलेगा, जबकि होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों को केवल 10 प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

डीएम ने स्पष्ट किया कि गैस की किल्लत के बीच यदि कोई एजेंसी, बिचौलिया या व्यक्ति जमाखोरी या घरेलू सिलिंडर का व्यावसायिक उपयोग करते पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संबंधित विभाग को नियमित निगरानी के निर्देश भी दिए हैं।

नई व्यवस्था का असर जिले के 3.41 लाख उज्ज्वला लाभार्थियों पर पड़ने की संभावना है।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
Latest News

सोना-चांदी में जोरदार उछाल, चांदी 2.36 लाख और सोना 1.44 लाख के पार

नई दिल्ली। सुरक्षित निवेश माने जाने वाले सोना और चांदी की कीमतों में बुधवार को जोरदार तेजी देखने को...
- Advertisement -spot_img

More Articles Like This

- Advertisement -spot_img