किच्छा। क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिल गई है। विधायक तिलकराज बेहड़ के प्रयासों से कई महत्वपूर्ण योजनाओं को वित्तीय व प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। लोगों ने विधायक का फूल-मालाओं से स्वागत कर आभार जताया।
रविवार को आयोजित प्रेसवार्ता में विधायक ने बताया कि उनके प्रयासों से सड़क, भवन और जनसुविधाओं से जुड़ी कई परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं। मुख्यमंत्री घोषणा के तहत चेंन मिल क्षेत्र में कम्युनिटी हॉल के निर्माण को मंजूरी मिली है, जबकि पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय परिसर की आंतरिक सड़कों का भी सुधारीकरण कराया जाएगा।
इसके अलावा अटरिया-सिडकुल नगला मार्ग (8.205 किमी) का निर्माण करीब 22.72 करोड़ रुपये की लागत से और शिमला-कुरैया मार्ग (8.885 किमी) का निर्माण लगभग 19.40 करोड़ रुपये में कराया जाएगा।
राज्य योजना के अंतर्गत गंगापुर, धीराजाम, आजादनगर-नौगांवा-मुलपुरा और अन्य क्षेत्रों में सड़क निर्माण व डामरीकरण कार्यों को स्वीकृति मिली है। सिरौलीकला वार्ड-19 में 875 मीटर आंतरिक मार्ग बनाए जाएंगे। अल्पसंख्यक विभाग से तालापुर कुरैया व कच्ची खमरिया में कब्रिस्तानों के निर्माण और सौंदर्यीकरण को भी मंजूरी दी गई है।
विधायक ने कहा कि इन योजनाओं से क्षेत्र में चहुंमुखी विकास को बढ़ावा मिलेगा और लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।



