पैतृक संपत्ति के विवाद ने एक बार फिर रिश्तों को तार-तार कर दिया। मामला ग्राम लालपुर का है, जहां एक भाई ने दूसरे भाई पर लाइसेंसी बंदूक तानकर जान से मारने की धमकी दे डाली। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शैलेन्द्र सिंह पुत्र बचन सिंह निवासी ग्राम लालपुर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका सगा भाई सुबेग सिंह पैतृक संपत्ति को लेकर अक्सर उससे विवाद करता रहता है। आरोप है कि सुबेग सिंह उसे रास्ते से हटाकर संपत्ति पर कब्जा करना चाहता है।
पीड़ित के मुताबिक, छह मार्च को सुबेग सिंह कार से उसके पास पहुंचा और गोली मारने की नीयत से उस पर लाइसेंसी बंदूक तान दी। किसी तरह शैलेन्द्र सिंह ने घर में घुसकर अपनी जान बचाई। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पहले भी कई बार उसे जान से मारने की धमकी दे चुका है।
पुलिस ने शैलेन्द्र सिंह की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।



