देहरादून। सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर मुकेश जोशी की मौत के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को जोहड़ी स्थित उनके आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। आम जनता की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए अधिकारियों को ‘ऑपरेशन प्रहार’ चलाकर अवांछित व हुड़दंग करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर मुकेश जोशी रोज की तरह सुबह अपने साथियों के साथ टहलने निकले थे। घर से कुछ दूरी पर ही दो तेज रफ्तार कारों में सवार युवकों के बीच फायरिंग शुरू हो गई। इसी दौरान चली एक गोली उनके सीने में जा लगी, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना से उनका कोई संबंध नहीं था।
परिजनों के अनुसार ब्रिगेडियर जोशी ने 62 वर्ष की उम्र तक सेना में सेवाएं दीं और कई महत्वपूर्ण अभियानों का हिस्सा रहे। वे शारीरिक रूप से स्वस्थ और देश सेवा के प्रति समर्पित थे। उन्होंने अपने बेटे को भी नौसेना में भेजकर इस परंपरा को आगे बढ़ाया।
इधर, पुलिस ने घटना के बाद जेन-जी क्लब को सील कर दिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक इसी क्लब से पार्टी कर निकले थे और वहीं उनका विवाद हुआ था। यह क्लब पहले भी विवादों के चलते सील हो चुका है।



