देहरादून। 38वें राष्ट्रीय खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए 103 पदक जीतकर इतिहास रचने वाले उत्तराखंड के 243 खिलाड़ियों को जल्द ही सरकारी नौकरी मिलने का रास्ता साफ हो गया है। खिलाड़ियों को नौकरी देने के प्रस्ताव को कार्मिक विभाग से मंजूरी मिल चुकी है और अब इसे वित्त विभाग को भेजा गया है।
विशेष प्रमुख सचिव (खेल) अमित सिन्हा ने बताया कि शासन को भेजे गए प्रस्ताव पर कार्मिक विभाग की स्वीकृति मिल गई है। वित्त विभाग की मंजूरी मिलते ही सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में नियुक्ति दी जाएगी।
गौरतलब है कि उत्तराखंड ने पिछले वर्ष 28 जनवरी से 24 फरवरी तक 38वें राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी की थी। इस दौरान राज्य के खिलाड़ियों ने मुक्केबाजी, ताइक्वांडो और एथलेटिक्स में बेहतरीन प्रदर्शन किया।
राज्य की बेटी अंकिता ध्यानी ने 5000 मीटर दौड़ और 3000 मीटर बाधा दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर दोहरी सफलता हासिल की। वहीं, निवेदिता कार्की, कपिल पोखरिया और नरेंद्र ने मुक्केबाजी में तीन स्वर्ण पदक दिलाए। ताइक्वांडो में पूजा ने भी स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया।
हालांकि, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा और खेल नीति में प्रावधान के बावजूद खिलाड़ियों को अब तक नौकरी नहीं मिल पाई थी। इस पर खेल मंत्री रेखा आर्या ने मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन को पत्र लिखकर खिलाड़ियों को शीघ्र नियुक्ति देने की मांग की थी।
खेल विभाग की ओर से भेजे गए प्रस्ताव में 243 पद सृजित करने का सुझाव दिया गया है। इन पदों को खेल विभाग के साथ-साथ पुलिस, वन सहित विभिन्न विभागों में सृजित करने का विकल्प रखा गया है। अब वित्त विभाग की मंजूरी के बाद खिलाड़ियों को जल्द ही सरकारी नौकरी मिलने की उम्मीद है।



