विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक को दक्षिण कोरिया भेजने का झांसा देकर इथोपिया पहुंचा दिया गया, जहां उसे बंधक बना लिया गया है। परिजनों को युवक के मुंह बंधे और शरीर पर चोट के निशान वाली तस्वीरें भेजी गई हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्राम अब्दुल्ला नगर निवासी राजकुमार मंगलवार शाम पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के साथ एसएसपी अजय गणपति से मिले। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के एक युवक ने उनके भांजे रोहित कुमार को विदेश में नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया था। इसके एवज में कुल 15 लाख रुपये में सौदा तय हुआ, जिसमें से 5.65 लाख रुपये अग्रिम दे दिए गए थे। शेष राशि दक्षिण कोरिया पहुंचने के बाद देने की बात तय हुई थी।
आरोप है कि आरोपी ने रोहित को टूरिस्ट वीजा पर पहले बैंकॉक, फिर शारजाह-दुबई के रास्ते इथोपिया भेज दिया। चार अप्रैल को रवाना हुए रोहित से पांच अप्रैल को इथोपिया एयरपोर्ट पहुंचने के बाद संपर्क टूट गया।
परिजनों का कहना है कि इथोपिया से मिली तस्वीरों में रोहित का मुंह बंधा हुआ है और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान हैं, जिससे उसके बंधक बनाए जाने और जान-माल के खतरे की आशंका है। एसएसपी ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।



