उत्तरकाशी। जनपद मुख्यालय स्थित मोक्ष केदारघाट पर अव्यवस्थाओं का गंभीर मामला सामने आया है। यहां भागीरथी नदी किनारे अधजले शवों के अवशेष पड़े रहने से आवारा कुत्ते उन्हें नोच रहे हैं। इससे न केवल धार्मिक आस्था को ठेस पहुंच रही है, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई है।
गंगा विचार मंच से जुड़े लोगों का कहना है कि अंतिम संस्कार के बाद शवों के अवशेषों की समुचित सफाई नहीं की जा रही है। यही कारण है कि आवारा कुत्ते घाट पर पहुंचकर अधजले शवों के टुकड़ों को खा रहे हैं। उनका कहना है कि कुत्तों के मुंह पर इंसानी मांस लगने से वे आक्रामक हो रहे हैं और राह चलते लोगों को काटने की घटनाएं बढ़ रही हैं।
मंच के प्रांत संयोजक लोकेंद्र बिष्ट ने बताया कि कोविड काल के दौरान भी केदारघाट पर ऐसी स्थिति देखने को मिली थी, लेकिन उस समय परिस्थितियां अलग थीं। अब सामान्य हालात में भी ऐसी तस्वीर सामने आना चिंताजनक है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बीते दिनों कुत्तों ने 18 लोगों को काटकर घायल कर दिया। आए दिन कुत्तों के झुंड घाट पर घूमते नजर आते हैं, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है।
लोगों ने प्रशासन और नगर पालिका से मांग की है कि आवारा कुत्तों को पकड़ने के साथ ही मोक्ष घाट पर अंतिम संस्कार के बाद सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए, ताकि इस समस्या का स्थायी समाधान हो सके।



