कोटद्वार। गढ़वाल मंडल के लोगों को अब पासपोर्ट बनवाने के लिए देहरादून समेत अन्य शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। शनिवार को कोटद्वार तहसील परिसर में डाक एवं पासपोर्ट सेवा केंद्र का उद्घाटन किया गया। मुख्य अतिथि विदेश राज्यमंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने कहा कि केंद्र सरकार छोटे शहरों और दूरदराज क्षेत्रों तक पासपोर्ट सेवाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत गढ़वाली में “मेरू दीदि-भुल्यों तै नमस्कार” कहकर की और केंद्र के शुभारंभ पर क्षेत्रवासियों को बधाई दी। कहा कि इस पहल से पासपोर्ट सेवा सरल और सुलभ होगी। उन्होंने बताया कि यह केंद्र गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी के प्रयासों से संभव हो पाया है।
इस मौके पर सांसद अनिल बलूनी ने क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि कण्वाश्रम को राष्ट्रीय स्मारक बनाने की प्रक्रिया जारी है। लालढांग मार्ग को सभी वाहनों के लिए खोलने की तैयारी की जा रही है, जबकि कंडी मार्ग को भी सुचारु करने के प्रयास चल रहे हैं। पौड़ी हाईवे पर प्रस्तावित सुरंग बनने से दूरी करीब 35 किलोमीटर कम हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के पूरा होने से गढ़वाल की अर्थव्यवस्था को नया बल मिलेगा। साथ ही जोशीमठ में स्कीइंग सेंटर और पौड़ी में खेल केंद्र विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने कोटद्वार से दिल्ली के लिए वंदे भारत ट्रेन चलाने का भी भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने इसे क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे युवाओं, छात्रों और आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कोटद्वार रेलवे स्टेशन का नाम कण्वनगरी स्टेशन करने, देहरादून और लखनऊ सहित अन्य शहरों के लिए नई रेल सेवाएं शुरू करने और कण्वाश्रम के समग्र विकास की मांग भी रखी।
इस दौरान विधायक दिलीप रावत, विधायक राजकुमार पोरी, मेयर शैलेंद्र सिंह रावत, गोसेवा आयोग अध्यक्ष राजेंद्र अणथ्वाल, भाजपा जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन विदेश मंत्रालय पासपोर्ट कार्यालय की ओएसडी प्रियंका भट्ट ने किया।



