देहरादून। नरेंद्र मोदी के स्वागत के लिए उत्तराखंड पूरी तरह तैयार है। प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी मंगलवार को 28वीं बार राज्य का दौरा करेंगे। इस दौरान वह 11,963 करोड़ रुपये की लागत से बने 213 किलोमीटर लंबे दून-दिल्ली एलिवेटेड एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण करेंगे।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री एक हजार मेगावाट क्षमता वाले देश के पहले वेरिएबल स्पीड पंप स्टोरेज संयंत्र का भी उद्घाटन करेंगे। इन परियोजनाओं को राज्य में कनेक्टिविटी और ऊर्जा क्षेत्र के लिए मील का पत्थर माना जा रहा है।
प्रदेश सरकार इस दौरे को लेकर व्यापक तैयारियों में जुटी है और लोकार्पण समारोह को भव्य व यादगार बनाने की कोशिशें जारी हैं।
प्रधानमंत्री मोदी का उत्तराखंड से विशेष जुड़ाव रहा है। वह अब तक पांच बार केदारनाथ धाम का दौरा कर चुके हैं, जबकि बदरीनाथ और उत्तरकाशी जिले के मुखबा (मां गंगा का शीतकालीन प्रवास स्थल) भी जा चुके हैं। पिछले वर्ष मार्च में उन्होंने मुखबा पहुंचकर शीतकालीन यात्रा का संदेश दिया था।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड से कर्म और मर्म का गहरा रिश्ता है। उनके नेतृत्व में राज्य में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि कनेक्टिविटी के क्षेत्र में अभूतपूर्व बदलाव आया है। चारधाम ऑलवेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, केदारनाथ और हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजना के साथ देहरादून-दिल्ली एलिवेटेड रोड जैसी कई महत्वपूर्ण योजनाओं को स्वीकृति मिली है, जिनसे राज्य के विकास को नई गति मिली है।



