चमोली। विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम के कपाट गुरुवार, 23 अप्रैल को सुबह 6 बजकर 15 मिनट पर श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा का एक प्रमुख चरण विधिवत शुरू हो जाएगा।
कपाट खुलने से पहले बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी केदारनाथ धाम में दर्शन करने के बाद बदरीनाथ पहुंच गए। वह कपाट उद्घाटन के दौरान विशेष पूजा-अर्चना में शामिल होंगे।
बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि कपाट खुलने की प्रक्रिया गुरुवार सुबह 4:30 बजे से शुरू हो जाएगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी, बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे।
कपाट खुलने से पूर्व पांडुकेश्वर से भगवान उद्धव, कुबेर और आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी बदरीनाथ धाम पहुंच चुकी है। धाम परिसर ‘जय बदरी विशाल’ के जयकारों से गूंज उठा।
उधर, बदरी-केदार पुष्प सेवा समिति, ऋषिकेश के सहयोग से मंदिर को 25 कुंतल फूलों से भव्य रूप से सजाया जा रहा है। इस दौरान रावल अमरनाथ नंबूदरी, बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, धर्माधिकारी स्वयंबर सेमवाल, वेदपाठी आचार्य रविंद्र भट्ट, नायब रावल सूर्य राग नंबूदरी सहित कुबेर देवरा समिति के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।



