कैंट थाना क्षेत्र के किशननगर में एक स्कूल के पीछे किराये के मकान में संचालित देह व्यापार का पुलिस ने खुलासा किया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि तीन युवतियों को रेस्क्यू किया गया।
जानकारी के अनुसार, किशननगर क्षेत्र में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत स्थानीय लोग कर रहे थे। पार्षद नंदिनी शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर इलाके में अवैध गतिविधियां संचालित होने का आरोप लगाया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और मौके पर छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आशीष पांडे और जंग बहादुर को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, मकान से तीन युवतियों को रेस्क्यू किया गया। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच की जा रही है।
कैंट थाना प्रभारी शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने करीब छह महीने पहले किराये पर मकान लिया था। उसी मकान में अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।



