मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बीते चार वर्षों में सरकारी सेवा में चयनित हुए कार्मिकों को डिजिटल माध्यम से शुभकामना पत्र भेजा। पत्र में मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2022 में जनता ने उन्हें दूसरी बार राज्य की सेवा का अवसर दिया और उसी जनादेश की भावना के अनुरूप सरकार ने बेरोजगारी कम करने तथा विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को भरने के लिए व्यापक भर्ती अभियान शुरू किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार अब तक लगभग 30 हजार से अधिक युवाओं को राजकीय सेवक के रूप में नियुक्ति दे चुकी है और यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश के युवा अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर सरकारी सेवाओं में चयनित हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि राज्य सरकार के कठोर नकल विरोधी कानून तथा निष्पक्ष, ईमानदार और पारदर्शी चयन प्रक्रिया के चलते योग्य युवाओं को उनका अधिकार और सम्मान मिल रहा है।
उन्होंने चयनित कार्मिकों से अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजकीय सेवक के रूप में उन्हें मानवीय मूल्यों को प्राथमिकता देते हुए आमजन की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कई चयनित युवाओं से दूरभाष पर बातचीत कर उन्हें जनसेवा के लिए उत्साहपूर्वक कार्य करने का संदेश भी दिया।



