मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे टी20 विश्व कप के दूसरे सेमीफाइनल में भारत का सामना इंग्लैंड से हो रहा है। इस मुकाबले में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने तेज अंदाज में की। हालांकि टीम को जल्द ही अभिषेक शर्मा के रूप में पहला झटका लग गया। इसके बाद भारतीय पारी की जिम्मेदारी संजू सैमसन के कंधों पर आ गई।
मैच के दौरान एक ऐसा मौका आया जब संजू सैमसन आउट होते-होते बच गए। भारतीय पारी के तीसरे ओवर की दूसरी गेंद पर जोफ्रा आर्चर की गेंद पर सैमसन ने शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद सीधा इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक के हाथों में चली गई। यह एक आसान कैच था, मगर ब्रूक गेंद को पकड़ नहीं पाए और सैमसन को जीवनदान मिल गया। उस समय सैमसन सात गेंदों पर 15 रन बनाकर खेल रहे थे।
इस जीवनदान का फायदा उठाते हुए संजू सैमसन ने उसी ओवर में आर्चर की चौथी गेंद पर शानदार छक्का जड़ा और आखिरी गेंद पर चौका लगाकर इंग्लैंड को अपनी गलती का एहसास करा दिया। इसके बाद उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखते हुए सिर्फ 26 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिया।
टी20 विश्व कप 2026 में यह संजू सैमसन का लगातार दूसरा अर्धशतक है। उनकी इस पारी के बाद यह चर्चा भी तेज हो गई है कि हैरी ब्रूक द्वारा छोड़ा गया यह कैच कहीं इंग्लैंड के लिए महंगा साबित न हो जाए।


