रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में बच्चा चोरी के शक में लोगों ने एक महिला को बिजली के खंभे से बांधकर उसकी पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
वीडियो में कई महिलाएं और पुरुष एक महिला को खंभे से बांधकर मारते हुए दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि लोगों ने महिला पर बच्चा चोरी का शक जताया था।
जानकारी के अनुसार जब लोग उसे ट्रांजिट कैंप कोतवाली ले जाने लगे तो महिला रास्ते में चकमा देकर भाग गई। कुछ देर बाद लोगों ने उसे खजूर वाली गली में दोबारा पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को कोतवाली ले आई।
ट्रांजिट कैंप के कोतवाल मोहन चंद्र पांडेय ने बताया कि पूछताछ में महिला मानसिक रूप से कमजोर पाई गई। वह केवल इतना बता सकी कि उसका पति उसे छोड़कर चला गया है और वह उसकी तलाश में भटक रही थी। पूछताछ के बाद महिला को छोड़ दिया गया।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि खंभे से बांधकर पिटाई का वायरल वीडियो उनके क्षेत्र का नहीं है।



