रुद्रपुर देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने नगर निगम में लंबे समय से संविदा और दैनिक वेतन पर कार्यरत कर्मचारियों के विनियमितीकरण की मांग उठाई। इस संबंध में उन्होंने मेयर विकास शर्मा और नगर आयुक्त शिप्रा जोशी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
संघ पदाधिकारियों ने बताया कि शहरी विकास निदेशालय उत्तराखंड की ओर से 17 फरवरी 2026 को आदेश जारी किए गए थे। इन निर्देशों में चयन समिति के माध्यम से विनियमितीकरण के लंबित प्रकरणों का परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद रुद्रपुर नगर निगम में अब तक शासन के आदेशों का अनुपालन नहीं हो सका है।
उन्होंने कहा कि कई कर्मचारी पिछले 10 वर्षों से अधिक समय से संविदा या दैनिक वेतन पर सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उनका स्थायीकरण अब तक नहीं हो पाया है। ऐसे में इन कर्मचारियों का भविष्य अधर में लटका हुआ है। संघ ने मांग की कि नगर निगम में कार्यरत सभी संविदा कर्मियों और पर्यावरण मित्रों को प्राथमिकता के आधार पर स्थायी नियुक्ति दी जाए।
इस पर मेयर विकास शर्मा और नगर आयुक्त शिप्रा जोशी ने संघ के पदाधिकारियों को शीघ्र उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
ज्ञापन देने वालों में शाखा अध्यक्ष सोनू मुल्तानी, महामंत्री अंकित कुमार, उपाध्यक्ष सुनील कुमार, राजपाल चौधरी, परितोष माझी, मनोज कुमार, नन्हे, रिंकू, किशन पाल, महावीर और राजपाल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।



