हल्द्वानी। व्लॉगर ज्योति अधिकारी ने शनिवार शाम फेसबुक लाइव के दौरान पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए आत्महत्या की धमकी दे दी। करीब 25 मिनट 20 सेकेंड तक लाइव रहने के बाद वह काठगोदाम स्थित शीतला माता मंदिर के जंगल की ओर चली गईं। सूचना मिलने पर सक्रिय हुई पुलिस ने सर्विलांस की मदद से उनकी लोकेशन ट्रेस की और जंगल में बेहोशी की हालत में उन्हें ढूंढ निकाला।
पुलिस ने ज्योति अधिकारी को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत में अब सुधार बताया जा रहा है।
फेसबुक लाइव के दौरान ज्योति अधिकारी ने आरोप लगाया कि उनका लगातार मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एक महिला व्लॉगर और एक कारोबारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए उन्होंने पहले ही तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस ने उस पर कोई कार्रवाई नहीं की। इसके उलट उन्हीं दोनों लोगों की तहरीर पर उनके और उनके पति के खिलाफ दो प्राथमिकी दर्ज कर दी गईं।
उन्होंने यह भी कहा कि पहले भी पुलिस उनके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज कर चुकी है, जिससे उनका पूरा परिवार दहशत में है। उनके बेटे की बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं और घर पर बार-बार पुलिस पहुंचने से परिवार सहमा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि खुलेआम उनके चरित्र का हनन किया जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो रही।
एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि ज्योति अधिकारी को शीतला माता मंदिर के जंगल से बेहोशी की हालत में बरामद किया गया है। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।



