देहरादून। रायपुर थाने की पुलिस कस्टडी में पीआरडी जवान सुनील रतूड़ी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शनिवार को जवान का शव हवालात के अंदर कंबल से बने फंदे में लटका मिला। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर लाडपुर स्थित एक पेट्रोल पंप पर एक व्यक्ति के पेट्रोल भरवाने के बाद भुगतान न करने की सूचना पुलिस को मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस के मुताबिक, संबंधित व्यक्ति शराब के नशे में था। समझाने के बावजूद वह नहीं माना, जिसके बाद उसे थाने लाकर शराब पीकर वाहन चलाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया।
थाने में हंगामा करने पर उसे हवालात में बंद कर दिया गया। कुछ देर बाद वह बेसुध अवस्था में मिला। पुलिसकर्मी उसे तत्काल कोरोनेशन अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही आईजी आनंद स्वरूप और एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। उधर, मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए और हंगामा किया।
फिलहाल डॉक्टरों का पैनल शव का पोस्टमार्टम कर रहा है। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है। पोस्टमार्टम हाउस के बाहर लोगों की भीड़ जुटी हुई है।
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



