रणवीर सिंह स्टारर फिल्म ‘धुरंधर 2’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म ने रिलीज के महज 18 दिनों में ही 1000 करोड़ क्लब में जगह बना ली है।
सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने 18वें दिन खबर लिखे जाने तक 20.72 करोड़ रुपये की कमाई की है। वीकेंड का फायदा मिलने से फिल्म की रफ्तार बनी हुई है। इसी के साथ भारत में ‘धुरंधर 2’ का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 1,005.74 करोड़ रुपये पहुंच गया है।
वहीं, फिल्म का जलवा सिर्फ देश में ही नहीं बल्कि दुनियाभर में भी देखने को मिल रहा है। ‘धुरंधर 2’ ने अब तक वर्ल्डवाइड 1,564.30 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। ऐसे में अब इस फिल्म की नजर ‘पुष्पा 2’ के रिकॉर्ड पर है, जिसने वैश्विक स्तर पर 1,742.10 करोड़ रुपये का कारोबार किया था।
फिल्म की कहानी और स्टारकास्ट
आदित्य धर के निर्देशन में बनी ‘धुरंधर 2’ साल 2023 में आई ‘धुरंधर’ का सीक्वल है। फिल्म में रणवीर सिंह, सारा अर्जुन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त और राकेश बेदी मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म की कहानी एक भारतीय जासूस पर आधारित है, जो पाकिस्तान में जाकर एक कठिन मिशन को अंजाम देता है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि ‘धुरंधर 2’ आने वाले दिनों में ‘पुष्पा 2’ का रिकॉर्ड तोड़ पाती है या नहीं।



