रुद्रपुर। रात की एक छोटी-सी जल्दबाजी ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। शादी समारोह से लौट रहे तीन दोस्तों की टांडा जंगल में सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई।
जसपुर निवासी 20 वर्षीय अनिकेत, हरिद्वार निवासी 22 वर्षीय रोहन और रामपुर निवासी 24 वर्षीय आकाश शनिवार को हल्द्वानी में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। तीनों सिडकुल में नौकरी करते थे और आपस में घनिष्ठ मित्र थे।
समारोह से लौटते समय वे रुद्रपुर पहुंच चुके थे, तभी पता चला कि एक दोस्त का मोबाइल हल्द्वानी में छूट गया है। मोबाइल लेने के लिए तीनों ने देर रात फिर से हल्द्वानी जाने का निर्णय लिया और स्कूटी से रवाना हो गए।
रात करीब 12 बजे पंतनगर के संजय नगर से आगे टांडा जंगल क्षेत्र में उनकी स्कूटी की सामने से आ रही स्कॉर्पियो से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंचे लोगों ने उन्हें संभालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक तीनों ने दम तोड़ दिया।
हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। शाम को हंसते हुए घर से निकले बेटों की मौत की खबर ने तीनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया।



