April 23, 2026 - 8:46 pm

Uttarakhand: केदारनाथ धाम के कपाट खुले, जयघोषों से गूंजा धाम; सीएम धामी ने की पूजा-अर्चना

spot_img
Must Read

केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार सुबह आठ बजे शुभ मुहूर्त में विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। कपाट खुलते ही मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय बाबा केदार’ के जयघोषों से गूंज उठा। इस पावन क्षण के साक्षी बनने के लिए हजारों श्रद्धालु धाम में मौजूद रहे।

प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पत्नी संग धाम पहुंचे और विशेष पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि केदारनाथ सहित चारों धाम उत्तराखंड की आध्यात्मिक पहचान हैं और सरकार तीर्थयात्रियों को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा का अनुभव कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि यात्रा व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जा रही है, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो। साथ ही यात्रा मार्ग, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्थाओं को उच्च स्तर पर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

पीएम मोदी के नाम से पहली पूजा, पुष्प वर्षा से सजा धाम

कपाटोद्घाटन के अवसर पर पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से संपन्न हुई। प्रधानमंत्री ने श्रद्धालुओं से पांच संकल्प अपनाने की अपील की, जिनमें स्वच्छता बनाए रखना, पर्यावरण संरक्षण, सेवा और सहयोग की भावना, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना और यात्रा नियमों का पालन शामिल है।
धाम को करीब 51 कुंतल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया, जिसने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कपाट खुलने के साथ ही हेलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई।

पंचमुखी डोली का भव्य स्वागत

इससे पहले बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे केदारनाथ धाम पहुंची। ओंकारेश्वर मंदिर से रवाना हुई डोली ने 17 किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा तय करते हुए जंगलचट्टी, रामबाड़ा, लिनचोली और बेस कैंप से होते हुए केदारपुरी में प्रवेश किया।
धाम पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर डोली का भव्य स्वागत किया। डोली ने मंदिर की परिक्रमा कर भंडार गृह में प्रवेश किया, जहां विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न हुई।

इस दौरान सेना की 8वीं सिखलाई रेजीमेंट के बैंड की मधुर धुनों और डमरू की गूंज से पूरा वातावरण शिवमय हो गया। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और पुलिस व आईटीबीपी के जवान तैनात रहे।

कपाट खुलने के साथ ही केदारनाथ यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो गया। देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालु बाबा केदार की भक्ति में सराबोर नजर आए। इस अवसर पर बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, पुजारी टी. गंगाधर लिंग, केदारसभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, जिलाधिकारी एवं बीकेटीसी मुख्य कार्य अधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
Latest News

I-PAC छापेमारी विवाद: सुप्रीम कोर्ट ने कहा- मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आचरण ने लोकतंत्र को खतरे में डाला

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और Enforcement Directorate (ईडी) के बीच चल रहे विवाद में...
- Advertisement -spot_img

More Articles Like This

- Advertisement -spot_img