उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली दौरे से लौटते समय दून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर सफर का अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि दिल्ली से देहरादून की दूरी उन्होंने महज ढाई घंटे में पूरी की, जो पहले की तुलना में काफी कम समय है।
मुख्यमंत्री ने इसके लिए केंद्र सरकार और विशेष रूप से नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और बेहतर कनेक्टिविटी का उत्कृष्ट उदाहरण है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देशभर में सड़क और परिवहन सुविधाओं का तेजी से विकास हो रहा है, जिसका लाभ उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्यों को भी मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि दून-दिल्ली इकोनॉमिक कॉरिडोर से न केवल यात्रा समय कम हुआ है, बल्कि पर्यटन, निवेश और स्थानीय रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं। इससे चारधाम यात्रा सहित राज्य के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंच और अधिक सुगम होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह की परियोजनाएं नए भारत की नई रफ्तार का प्रतीक हैं और उत्तराखंड के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होंगी।



