अभिनेता से नेता बने विजय ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में दमदार एंट्री करते हुए सियासत में भी अपना लोहा मनवा दिया है। उनकी पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) राज्य की 234 में से 109 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है और सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरती दिख रही है।
शानदार प्रदर्शन के बाद विजय चेन्नई स्थित अपने पिता एस. ए. चंद्रशेखर के घर पहुंचे, जहां उन्होंने उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने समर्थकों का अभिवादन किया, वहीं समर्थकों ने भी जोरदार स्वागत किया।
विजय के पिता एस. ए. चंद्रशेखर ने खुशी जताते हुए कहा कि उन्हें अपने बेटे की इस सफलता पर गर्व है। उल्लेखनीय है कि वे तमिल सिनेमा के जाने-माने निर्देशक, निर्माता और लेखक रहे हैं और विजय के शुरुआती फिल्मी करियर में उनकी अहम भूमिका रही है।
उधर, बढ़त के रुझानों के बीच विजय जीत का प्रमाणपत्र लेने के लिए रवाना हो गए हैं। पार्टी की बढ़त से उत्साहित समर्थक जगह-जगह मिठाई बांटकर और पटाखे जलाकर जश्न मना रहे हैं।



