नई दिल्ली/गुवाहाटी/कोलकाता। विधानसभा चुनावों में मिली जीत के बाद भाजपा में उत्साह का माहौल है। दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि 12 वर्षों बाद भी जनता का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भरोसा कायम है। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में पार्टी ने पश्चिम बंगाल जैसी चुनौतीपूर्ण भूमि पर भी मजबूती से अपनी पहचान बनाई है।
नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री को संबोधित करते हुए कहा कि वे नेतृत्व करते रहें, पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी मेहनत के साथ संगठन को मजबूत करने में जुटा रहेगा। उन्होंने कहा कि जीत का उत्सव मनाने के साथ ही कार्यकर्ता अगले ही दिन से फिर जनता के बीच काम में लग जाएंगे।
इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पार्टी मुख्यालय पहुंचे और असम व पश्चिम बंगाल में पार्टी के प्रदर्शन पर कार्यकर्ताओं को बधाई दी। कार्यक्रम में एक दिलचस्प क्षण तब देखने को मिला जब नितिन नवीन प्रधानमंत्री को माला पहनाने आगे बढ़े, लेकिन मोदी ने वही माला उन्हें ही पहनाकर सम्मानित किया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी इस मौके पर मौजूद रहे और कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया। वहीं, पश्चिम बंगाल भाजपा के प्रभारी मंगल पाण्डेय ने इसे ऐतिहासिक जीत बताते हुए कहा कि यह प्रधानमंत्री मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और लाखों कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने बंगाल की जनता का आभार जताते हुए कहा कि लोगों ने भय की राजनीति को नकार कर विकास पर भरोसा जताया है।
उधर, असम में भाजपा की लगातार तीसरी जीत पर मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने इसे ऐतिहासिक क्षण बताया और जीत को राज्य की जनता को समर्पित किया। प्रधानमंत्री मोदी ने भी सोशल मीडिया पर असम की जनता का आभार व्यक्त करते हुए इसे विकास और जनकल्याण की राजनीति पर विश्वास का प्रतीक बताया।
इधर, पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन की संभावनाओं के बीच चुनाव आयोग ने सरकारी दस्तावेजों की सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाए हैं। राज्य सचिवालय समेत कई महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालयों में केंद्रीय बलों की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी तरह की अनियमितता या दस्तावेजों के नुकसान को रोका जा सके।
तमिलनाडु में भी राजनीतिक सरगर्मी तेज रही। टीवीके प्रमुख विजय ने चेन्नई में अपने आवास के बाहर समर्थकों का अभिवादन किया। उनकी पार्टी राज्य में बढ़त बनाए हुए है और चुनाव परिणामों ने राज्य की राजनीति में नई दिशा के संकेत दिए हैं।



