नंदा देवी एक्सप्रेस ट्रेन में रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुई नवविवाहिता को पुलिस ने बिहार के बेगूसराय से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार, पति से कहासुनी होने के बाद महिला स्वयं ट्रेन की दूसरी बोगी में चली गई थी और बाद में बेगूसराय पहुंच गई।
लक्सर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि पांच मई को मनीष अग्रहरि निवासी नौबस्ता, कानपुर अपनी पत्नी प्रज्ञा सिंह के साथ नंदा देवी एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान प्रज्ञा अचानक लापता हो गई थीं। मनीष की शिकायत पर लक्सर कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज की गई थी। बाद में मामले को अपहरण की धारा में तरमीम कर पुलिस ने तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को महिला के बिहार के बेगूसराय में होने की सूचना मिली। इसके बाद चौकी प्रभारी विपिन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर महिला को सकुशल बरामद कर लिया।
लक्सर कोतवाली पहुंचने पर महिला ने अपने बयान में बताया कि ट्रेन में सफर के दौरान पति से किसी बात को लेकर नोकझोंक हो गई थी। इसके बाद वह दूसरी बोगी में चली गईं और मोबाइल फोन से सिमकार्ड निकालकर फेंक दिया। बाद में वह बेगूसराय में अपने एक परिचित के यहां चली गई थीं।
पुलिस ने बयान दर्ज करने के बाद महिला को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।



