केदारनाथ क्षेत्र में सोमवार को अचानक मौसम खराब हो गया। घना कोहरा और धुंध छाने से दो हेलीकॉप्टरों को एहतियातन अगस्त्यमुनि मैदान स्थित हेलीपैड पर आपात लैंडिंग करनी पड़ी।
जानकारी के अनुसार, हिमालयन हेली सेवा का एक हेलीकॉप्टर बदरीनाथ से सेरसी की ओर जा रहा था, जबकि इंडो कॉप्टर कंपनी का दूसरा हेलीकॉप्टर सहस्रधारा से फाटा के लिए उड़ान पर था। गुप्तकाशी और ऊखीमठ क्षेत्र में दृश्यता बेहद कम होने के कारण दोनों पायलटों ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अगस्त्यमुनि हेलीपैड पर सुरक्षित लैंडिंग का फैसला लिया।
हेली सेवा के नोडल अधिकारी राहुल चौबे ने बताया कि केदार घाटी में मौसम खराब होने के चलते दोनों हेलीकॉप्टरों की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। मौसम साफ होने के बाद दोनों हेलीकॉप्टरों ने अगस्त्यमुनि हेलीपैड से दोबारा उड़ान भरकर अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए।



