गूलरभोज नगर के भीतर से गुजर रहे ओवरलोड डंपरों के विरोध में रविवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। महिलाओं और स्थानीय लोगों ने कॉलोनी नंबर-दो चौराहे पर डंपरों का संचालन रोककर प्रदर्शन किया और धरना दिया।
वार्ड छह के सभासद लखबीर सिंह लक्खा के नेतृत्व में एकत्र लोगों ने आरोप लगाया कि नियमों की अनदेखी कर नगर क्षेत्र से ओवरलोड डंपर दौड़ाए जा रहे हैं। तेज रफ्तार और ओवरलोड डंपरों से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने बताया कि करीब दो वर्ष पूर्व निखिल गढ़िया नामक युवक की डंपर की चपेट में आने से मौत हो चुकी है।
महिलाओं ने चेतावनी दी कि जब तक डंपरों का रूट नहीं बदला जाएगा, उनका विरोध जारी रहेगा। सूचना मिलने पर गूलरभोज चौकी प्रभारी मेघा शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान कुछ देर नोकझोंक भी हुई। बाद में चौकी प्रभारी द्वारा डंपरों का रूट बदलने का आश्वासन दिए जाने पर महिलाओं ने धरना समाप्त कर दिया।
प्रदर्शन में लखबीर सिंह लक्खा, कमल भट्ट, हेमंत असवाल, सुनील पाठक, नजमा बेगम, कृपाल सिंह, अरुण राणा, बबली मेहता, चित्रा पाठक और अंजली कोश्यारी समेत कई लोग मौजूद रहे।
धूल से पटा नगर, सड़क भी धंसी
स्थानीय लोगों के अनुसार जलाशय की मिट्टी की सिडकुल के लिए रॉयल्टी दी गई है, लेकिन रॉयल्टी की आड़ में मिट्टी खेतों में भी खपाई जा रही है। गीली मिट्टी ले जा रहे डंपरों से सड़क पर जगह-जगह कीचड़ और धूल फैल गई है, जिससे पूरा नगर धूल से पट गया है। अटल चौक के पास टाइल्स रोड भी डंपरों के लगातार आवागमन से धंस गई है।



