सत्ता की भविष्यवाणी करने वाले रिकी राधन पंडित को मिला बड़ा पद, सरकार ने जारी किया आदेश
तमिलनाडु की राजनीति में एक नए दौर की शुरुआत के बीच मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने अपना कार्यभार संभालते ही बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने अपने विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी-राजनीतिक) के पद पर किसी वरिष्ठ सरकारी अधिकारी के बजाय अपने पारिवारिक ज्योतिषी रिकी राधन पंडित वेट्रिवेल की नियुक्ति की है। सरकार की ओर से इस संबंध में आधिकारिक आदेश भी जारी कर दिया गया है।
सरकारी आदेश में कहा गया है कि ‘थिरु रिकी राधन पंडित वेट्रिवेल’ की नियुक्ति उनके कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी मानी जाएगी। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि सेवा की अन्य शर्तें अलग से जारी की जाएंगी।
भविष्यवाणी बनी नियुक्ति की वजह
मुख्यमंत्री विजय के इस फैसले के पीछे एक खास कारण बताया जा रहा है। दरअसल, रिकी राधन पंडित वही ज्योतिषी हैं जिन्होंने करीब एक वर्ष पहले ही विजय के सत्ता में आने और मुख्यमंत्री बनने की भविष्यवाणी की थी। उनकी यह भविष्यवाणी सही साबित होने के बाद मुख्यमंत्री का उन पर भरोसा और मजबूत हो गया।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इसी विश्वास और करीबी संबंधों के चलते विजय ने उन्हें सरकार में यह अहम जिम्मेदारी सौंपी है।
राजनीतिक हलकों में चर्चित नाम
रिकी राधन पंडित लंबे समय से विजय के करीबी माने जाते हैं। फिल्मों से राजनीति तक के विजय के सफर में कई महत्वपूर्ण मौकों पर उन्हें मुख्यमंत्री के साथ देखा गया है। राजनीतिक और निजी कार्यक्रमों में उनकी सक्रिय मौजूदगी ने उन्हें पहले ही चर्चाओं में ला दिया था।
क्या होगी जिम्मेदारी
ओएसडी (विशेष कार्याधिकारी) का पद सरकार में काफी प्रभावशाली माना जाता है। इस पद पर रहते हुए रिकी राधन पंडित राजनीतिक समन्वय का काम संभालेंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामलों में भी उनकी भूमिका रहेगी।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से 12 मई को जारी नोट के बाद उनकी नियुक्ति का अंतिम आदेश जारी किया गया, जिससे सरकार में उनकी मजबूत भूमिका तय मानी जा रही है।



