नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में सोमवार को चार स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं तथा स्कूल परिसरों को खाली कराकर सघन तलाशी अभियान चलाया गया। बाद में सभी धमकियां फर्जी पाई गईं।
दिल्ली अग्निशमन सेवा के अधिकारी ने बताया कि अलर्ट मिलते ही दमकल की गाड़ियां तुरंत संबंधित स्कूलों में भेजी गईं। स्थानीय पुलिस और स्कूल प्रशासन के सहयोग से छात्रों व कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद पूरे परिसर की गहन जांच की गई, लेकिन कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
जिन स्कूलों को धमकी भरे ईमेल मिले, उनमें धौला कुआं, दिल्ली कैंट और शंकर विहार स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल शामिल हैं। इसके अलावा द्वारका सेक्टर-14 स्थित सीआरपीएफ स्कूल को भी धमकी मिली।
अधिकारियों ने बताया कि एहतियातन सभी मानक सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया। घटना के बाद स्कूलों और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच जारी है। साइबर सेल की टीमें ईमेल भेजने वालों की पहचान में जुटी हैं। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की धमकियों को गंभीरता से लिया जा रहा है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



