ज्योतिर्मठ। बढ़ती गर्मी के बीच उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ग्लेशियर तेजी से पिघल रहे हैं, जिससे धौली नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है। तमक गांव के पास पुराने भूस्खलन से जमा मलबे के कारण नदी में झील जैसी स्थिति बन गई है। हालांकि, पानी का लगातार रिसाव होने से फिलहाल खतरे जैसी कोई स्थिति नहीं है।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि तमक गांव के पास बीते वर्ष हुए भूस्खलन से भारी मात्रा में मलबा जमा हो गया था। अब ग्लेशियर पिघलने से नदी का जलस्तर बढ़ने पर वहां पानी रुककर जमा हो रहा है।
उन्होंने कहा कि मंगलवार से जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का कार्य शुरू किया जाएगा, ताकि नदी का बहाव सामान्य बना रहे। प्रशासन, सिंचाई विभाग, खनन विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियां मौके पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।
डीएम ने कहा कि किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है और लोगों को घबराने की आवश्यकता नहीं है।



