केदारनाथ धाम के कपाट कल 22 अप्रैल को सुबह आठ बजे शुभ मुहूर्त में श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। कपाट खुलने के अवसर पर पुष्कर सिंह धामी भी धाम पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना में शामिल होंगे। इसके साथ ही केदारनाथ यात्रा का औपचारिक शुभारंभ हो जाएगा।
इससे पहले मंगलवार को बाबा केदार की डोली गौरीकुंड से केदारनाथ के लिए रवाना हुई। कपाट खुलने को लेकर धाम में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और मंदिर को आकर्षक फूलों से सजाया गया है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंच रहे हैं, जिससे क्षेत्र में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। सड़कों की मरम्मत, यातायात प्रबंधन, पैदल मार्ग पर शौचालय, आवास, भोजन और पेयजल की सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। इसके साथ ही पूरे यात्रा मार्ग पर बिजली और सोलर लाइट की व्यवस्था की गई है, जबकि हर दो किलोमीटर पर स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किए गए हैं। स्वच्छता व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है और श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक शौचालय व गर्म पानी की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हैं।
राजस्थान के शेर सिंह, ऋषिकेश के सौरभ कालरा, देहरादून के ध्रुव, चमोली की पुष्पा बिष्ट, नरेंद्र बिष्ट और पौड़ी की सोनाली नेगी सहित कई श्रद्धालुओं ने व्यवस्थाओं पर संतोष जताया है।
मंदिर परिसर में मोबाइल फोन पर रोक
मंदिर समिति के सदस्य विनीत पोस्ती के अनुसार, केदारनाथ मंदिर परिसर में मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। श्रद्धालु मंदिर के अंदर मोबाइल फोन ले जाने, फोटो या वीडियो बनाने और रील्स रिकॉर्ड करने से परहेज करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



