जौलीग्रांट के पाल मोहल्ले में आपसी विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम पाल मोहल्ले में किराए पर रह रहे गोपाल (39) ने घरेलू विवाद के दौरान अपनी पत्नी प्रतिभा (30) के पेट में चाकू से दो वार कर दिए। घटना के बाद घायल महिला को तुरंत जौलीग्रांट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार सुबह उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी गोपाल मूल रूप से पीलीभीत का निवासी है और वर्तमान में जौलीग्रांट में मजदूरी करता था। पति-पत्नी दोनों यहां किराए के मकान में रह रहे थे।
मृतका के भाई विवेक की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। जौलीग्रांट पुलिस चौकी इंचार्ज चिंतामणि मैथानी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।



