रुद्रपुर: होली के दिन कोतवाली क्षेत्र के महेशपुर गांव में एक युवती संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटकी मिली। परिजन उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि अस्पताल में तैनात पीआरडी जवानों ने शव को अस्थायी मोर्चरी में रखवा दिया था, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिजन शव को घर ले जाने लगे। इस दौरान पीआरडी जवानों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। इसके बाद परिजन शव को लेकर घर चले गए।
सूचना मिलने पर दरोगा चंदन बिष्ट और कांस्टेबल कृष्ण गांव पहुंचे। उन्होंने परिजनों से जानकारी लेने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार महेशपुर निवासी 18 वर्षीय युवती बुधवार को घर के कमरे में फंदे पर लटकी मिली थी। परिजनों ने बताया कि युवती को उसकी मां ने किसी बात पर डांट दिया था, जिससे नाराज होकर उसने यह कदम उठा लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।


