तमिलनाडु में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) प्रमुख विजय ने शुक्रवार को तीसरी बार राजभवन पहुंचकर राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मुलाकात की। समर्थन पत्र सौंपने के बाद राज्यपाल ने उन्हें सरकार बनाने का न्योता दिया। सूत्रों के अनुसार, दोनों के बीच मुलाकात संक्षिप्त रही। विजय शनिवार सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
कांग्रेस और वामपंथी दलों के समर्थन के बाद विजय ने सरकार बनाने का दावा पेश किया। वाम दलों द्वारा बिना शर्त समर्थन देने के कुछ घंटे बाद ही वह राजभवन पहुंचे और आवश्यक समर्थन पत्र राज्यपाल को सौंपे। विधानसभा चुनाव में टीवीके 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। पार्टी प्रमुख विजय ने चेन्नई की पेरांबूर और तिरुचिरापल्ली ईस्ट सीट से जीत दर्ज की है। निर्वाचन नियमों के तहत उन्हें एक सीट छोड़नी होगी।
तमिलनाडु विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 118 सीटों का है। टीवीके को कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) और वीसीके का समर्थन मिला है। कांग्रेस के पांच विधायक पहले ही समर्थन दे चुके हैं, जबकि सीपीआई, माकपा और वीसीके के पास दो-दो विधायक हैं। इन दलों के समर्थन से विजय के पक्ष में कुल 118 विधायकों का आंकड़ा पहुंच गया है।
माकपा ने आधिकारिक पत्र जारी कर टीवीके सरकार को समर्थन देने की घोषणा की है। वहीं सीपीआई ने “स्थिर, धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक शासन” के नाम पर सशर्त समर्थन दिया है। समर्थन मिलने के बाद तमिलनाडु में टीवीके के नेतृत्व में नई सरकार का रास्ता साफ हो गया है।



