ईरान को लेकर बढ़ते तनाव और बैकचैनल बातचीत की अटकलों के बीच व्हाइट हाउस की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने सियासी हलकों में हलचल तेज कर दी है। अमेरिका की ओर से जारी इस संदेश को महज एक मोटिवेशनल लाइन मानकर नजरअंदाज करना आसान नहीं माना जा रहा, क्योंकि इसका समय और संदर्भ इसे खासा अहम बना रहा है।
सोमवार को व्हाइट हाउस ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, ‘लॉक्ड-इन मोड: एक्टिवेटेड, इट्स मंडे, नो एक्सक्यूज, जस्ट विन।’ मौजूदा तनावपूर्ण हालात में इस पोस्ट ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
चर्चा इस बात को लेकर तेज है कि यदि बातचीत के मोर्चे पर ईरान स्पष्ट रुख नहीं अपना रहा, तो क्या अमेरिका कोई बड़ा कदम उठाने की तैयारी में है। साथ ही यह भी सवाल उठ रहे हैं कि क्या सोमवार को तेहरान को लेकर कोई अहम रणनीतिक फैसला लिया जा सकता है।
विश्लेषकों के मुताबिक, ‘लॉक्ड-इन मोड’ का अर्थ पूरी तरह फोकस और निर्णायक स्थिति में होना है, जबकि ‘नो एक्सक्यूज, जस्ट विन’ का संदेश लक्ष्य हासिल करने के लिए किसी भी तरह की ढिलाई न बरतने का संकेत देता है।
ऐसे में इस पोस्ट को एक सख्त और आक्रामक संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि अब तक किसी सैन्य कार्रवाई की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन इस्तेमाल की गई भाषा यह जरूर दर्शाती है कि अमेरिका अब कड़ा रुख अपनाने के मूड में है और आगे की रणनीति अधिक आक्रामक हो सकती है।



