बाजपुर। क्षेत्र के गांव केशोवाला निवासी 20 वर्षीय युवक निखिल रविवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में घर के बरामदे में लगे पंखे से लटका मिला। पड़ोसी उसे तुरंत सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य घर पर नहीं थे और निखिल अकेला था। इसी दौरान उसने दुपट्टे के सहारे फंदा लगा लिया। कुछ देर बाद आसपास के लोगों की नजर उस पर पड़ी तो परिजनों को सूचना दी गई। इसके बाद पड़ोसियों और परिजनों ने उसे नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया।
एसआई देवेंद्र मनराल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। बताया गया कि निखिल दो भाइयों में बड़ा था और कारीगर का काम करता था।



