केदारनाथ मंदिर परिसर में व्यवस्था सुधारने और धार्मिक गरिमा बनाए रखने के लिए बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) बड़ा कदम उठाने जा रही है। समिति ने मंदिर के चारों ओर करीब सात फीट ऊंचे बैरिकेड्स लगाने की तैयारी की है। इस संबंध में गढ़वाल आयुक्त को प्रस्ताव भेजा गया है। मंजूरी मिलते ही बैरिकेडिंग का कार्य शुरू किया जाएगा।
समिति का कहना है कि बैरिकेड्स लगने से अनावश्यक रूप से घूमने वाले लोगों और रील बनाने वालों पर नियंत्रण लगाया जा सकेगा। साथ ही श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही सुनिश्चित होगी और सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी।
प्रस्तावित योजना के तहत मंदिर के मुख्य परिसर को व्यवस्थित रूप से सीमित किया जाएगा, ताकि केवल दर्शन के उद्देश्य से आने वाले श्रद्धालु ही निर्धारित मार्ग से प्रवेश कर सकें। इससे भीड़ नियंत्रण में भी मदद मिलेगी।
उधर, मंदिर परिसर में प्रशासन और बीकेटीसी की सख्ती का असर भी दिखने लगा है। परिसर में वीडियो और रील बनाने पर प्रतिबंध लगाया गया है, जिससे ऐसे मामलों में कमी आई है। हालांकि, इसके बावजूद कुछ लोग नियमों की अनदेखी कर चोरी-छिपे रील बनाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।



