केदारनाथ धाम की यात्रा को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। केदारपुरी क्षेत्र को फूलों से भव्य रूप से सजाया जा रहा है, जिससे पूरे धाम में उत्सव जैसा माहौल नजर आ रहा है।
बाबा केदार की पंचमुखी उत्सव विग्रह डोली रविवार को फाटा में रात्रि विश्राम के बाद सोमवार को गौरीकुंड पहुंचेगी। डोली निर्धारित पड़ावों से होते हुए केदारनाथ धाम की ओर अग्रसर है। मार्ग में श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। गौरीकुंड में डोली के स्वागत के लिए भी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 21 अप्रैल को पंचमुखी उत्सव डोली केदारनाथ धाम पहुंचेगी। इसके बाद 22 अप्रैल को सुबह 8 बजे शुभ लग्न में मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे।
केदार सभा के वरिष्ठ सदस्य पंडित उमेश चंद्र पोस्ती ने बताया कि यात्रा से संबंधित अधिकांश व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। केदारपुरी में होटल और धर्मशालाओं को सजाया जा रहा है तथा यात्रियों के ठहरने के लिए उचित इंतजाम किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि इस बार यात्रा को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन और मंदिर समिति की ओर से विशेष प्रबंध किए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।



