आईपीएल 2026 में आज मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जाएंट्स के बीच अहम मुकाबला खेला जा रहा है। टॉस जीतकर मुंबई इंडियंस ने पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। नियमित कप्तान हार्दिक पांड्या इस मैच में नहीं खेल रहे हैं, उनकी जगह सूर्यकुमार यादव टीम की कमान संभाल रहे हैं।
लखनऊ सुपर जाएंट्स की ओर से मिचेल मार्श और जोश इंग्लिस ने पारी की शुरुआत की है। इंग्लिस इस मैच से अपना डेब्यू कर रहे हैं। वहीं, मुंबई के लिए राहत की खबर है कि रोहित शर्मा की टीम में वापसी हो गई है, हालांकि उन्हें इम्पैक्ट सब के रूप में रखा गया है।
मुंबई इंडियंस का इस सीजन प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। टीम ने नौ में से सात मुकाबले गंवाए हैं और अंक तालिका में निचले पायदान पर है। लगातार तीन हार के बाद उतरी मुंबई के लिए यह मुकाबला करो या मरो जैसा है।
दूसरी ओर, ऋषभ पंत की कप्तानी वाली लखनऊ सुपर जाएंट्स भी बल्लेबाजी में निरंतरता की कमी से जूझ रही है। टीम के गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन बल्लेबाज उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके हैं।
प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है।



