पश्चिम बंगाल में भाजपा विधायक दल की बैठक के दौरान शुक्रवार को शुभेंदु अधिकारी के नाम पर नए मुख्यमंत्री के रूप में मुहर लग गई। बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह केंद्रीय पर्यवेक्षक के तौर पर मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला।
अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस लगातार चुनाव हार रही है और अब उसे जीत की उम्मीद नहीं दिख रही। इसलिए पार्टी चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाकर उसे बदनाम करने में लगी है। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी अपनी हार छिपाने के लिए कभी ईवीएम, कभी मतदाता सूची, कभी एसआईआर तो कभी वोट चोरी जैसे आरोप लगाते रहते हैं।”
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा तो 2014 में केंद्र की सत्ता में आई, लेकिन कई राज्यों में कांग्रेस दशकों से सत्ता से बाहर है। शाह ने कहा, “तमिलनाडु में 1967 से कांग्रेस का मुख्यमंत्री नहीं बना। पश्चिम बंगाल में 49 साल, सिक्किम में 42 साल, बिहार में 36 साल, गुजरात में 30 साल, ओडिशा में 26 साल, नागालैंड में 23 साल और महाराष्ट्र में 12 साल से कांग्रेस सत्ता से बाहर है।”
शाह ने तंज कसते हुए कहा, “अगर यह सब वोट चोरी है तो वोट चोरी करने वाले लोग आपके साथ ही इंडी गठबंधन में बैठे हैं।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपनी हार पर आत्मचिंतन करने की जरूरत है। साथ ही दावा किया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस और इंडी गठबंधन लगातार कमजोर हो रहे हैं।
इस दौरान अमित शाह ने शुभेंदु अधिकारी की जमकर तारीफ भी की। उन्होंने कहा, “भवानीपुर की जनता का धन्यवाद करना चाहता हूं। शुभेंदु दा ने पिछले चुनाव में दीदी को नंदीग्राम में हराया था। इस बार उन्होंने दीदी को उनके घर में हराया है।”



