रुद्रपुर में वर्षों से चली आ रही जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में अहम कदम उठाया गया है। मंगलवार को मेयर विकास शर्मा ने सिंचाई विभाग और नगर निगम की संयुक्त टीम के साथ तीनपानी डैम का स्थलीय निरीक्षण किया।
बताया गया कि तीनपानी डैम लंबे समय से जर्जर स्थिति में था और उसकी जल निकासी क्षमता लगभग समाप्त हो चुकी थी। इसका खामियाजा क्षेत्र की आबादी को उठाना पड़ रहा था। हर मानसून में ड्रेनेज सिस्टम ठप हो जाता था, जिससे फुलसुंगा, फुलसुंगी समेत आसपास की दर्जनों कॉलोनियां जलमग्न हो जाती थीं। सड़कों पर पानी भर जाने से लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो जाता था।
मेयर विकास शर्मा ने बताया कि उन्होंने इस समस्या को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष व्यक्तिगत रूप से उठाया था। मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद शासन ने डैम के पुनर्निर्माण के लिए 1.74 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है, जिसे सिंचाई विभाग को हस्तांतरित कर दिया गया है।
निरीक्षण के दौरान मेयर ने विभागीय इंजीनियरों के साथ डैम की मजबूती, तकनीकी पहलुओं और भविष्य की आवश्यकताओं पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता का हो और इसे इस प्रकार तैयार किया जाए कि आने वाले कई दशकों तक क्षेत्रवासियों को जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े।
इस दौरान सिंचाई विभाग के एसडीओ बीएस डांगी, जेई हरपाल, पंचदेवी, पार्षद पवन राणा, शुभम ठाकुर, दलीप अधिकारी, अनुज पाठक, बृजेश गुप्ता और अनुराग बोस समेत कई लोग मौजूद रहे।



